प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं वर्तमान में गदरपुर विधायक अरविंद पांडे ने कहा है कि राज्य सरकार बेहतर कार्य कर रही है

काशीपुर। प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं वर्तमान में गदरपुर विधायक अरविंद पांडे ने कहा है कि राज्य सरकार बेहतर कार्य कर रही है। बिजली संकट दूर करने के प्रयास किये जा रहे हैं। कुण्डेश्वरी क्षेत्रांतर्गत ढकिया ग्रामसभा स्थित श्री गुरूद्वारा साहिब में आयोजित समागम में शिरकत करने पहुंचे पूर्व शिक्षा मंत्री ने जनसमस्याओं को सुनकर उनके निवारण हेतु अधिकारियों को निर्देशित भी किया। इस दौरान ग्राम ढकिया कलां (बलवंत फार्म) के तमाम किसानों ने वर्ग-4 विषयक समस्याओं का ज्ञापन पूर्व कैबिनेट मंत्री पांडे को सौंपा। श्री पांडे ने बताया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में वर्ग-4 के नियमितीकरण हेतु कैबिनेट के तीन मंत्रियों की कमेटी बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 के सर्किल रेट्स के आधार पर किसानों को राहत दी जा रही है। ज्ञापन का संज्ञान लेते पूर्व कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को शासनादेश के तहत कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। उत्तराखंड में गहराए बिजली संकट के बारे में उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में अक्सर ये दिक्कत होती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बिजली संकट दूर करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठा रहे हैं। जल्द ही बिजली संकट से निजात मिल जाएगी। एक सवाल के जवाब में पांडे ने कहा कि गुण्डों पर काबू पाने के लिए बुलडोजर स्कीम कारगर साबित हो रही है। सबसे पहले इस स्कीम को चलाने के लिए उन्होंने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई भी दी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement