15 दिसम्बर तक आरओबी का निर्माण नहीं हुआ तो कांग्रेस द्वारा विधायक आवास के बाहर धरना दिया जाएगा…आदेश चौहान

15 दिसम्बर तक आरओबी का निर्माण नहीं हुआ तो कांग्रेस द्वारा विधायक आवास के बाहर धरना दिया जाएगा…आदेश चौहान

काशीपुर। जसपुर के कांग्रेसी विधायक आदेश सिंह चौहान ने आज यहां बाजपुर रोड पर रोडवेज बस स्टैंड के समीप निर्माणाधीन आरओबी को लेकर मिल रही तारीख पर तारीख को लेकर काशीपुर के भाजपा विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा को आड़े हाथों लेते हुए जानना चाहा कि आखिर वे लगातार तारीखें बताकर क्यों जनता को गुमराह करने पर तुले हैं। विधायक चौहान ने स्पष्ट कहा कि वर्तमान एवं पूर्व विधायक बतायें कि यदि 15 दिसम्बर तक कार्य पूर्ण न हुआ तो उनका अगला स्टैंड क्या होगा? गौरतलब है कि वर्तमान एवं पूर्व विधायक चीमा ने वृहस्पतिवार को प्रेस को आरओबी का निर्माण कार्य पूरा होने की अगली तारीख 15 दिसम्बर बताई थी। इससे सबके मन में एक बार फिर सवाल उठा कि क्या यही तारीख आखिरी तारीख होगी। इसी संदर्भ में शुक्रवार दोपहर जसपुर से कांग्रेस विधायक आदेश सिंह चौहान भी कांग्रेस नेताओं के साथ काशीपुर मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि जनता त्रस्त हो चुकी है। दी गई तारीख यानि 15 दिसम्बर तक यदि आरओबी का निर्माण नहीं हुआ तो कांग्रेस द्वारा उनके आवास के बाहर धरना दिया जाएगा। विधायक आदेश चौहान आरओबी को लेकर बिफरे नजर आए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के बाबजूद इसका निर्माण न हो पाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल दागा कि निर्माण कार्य में लेट लतीफी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई हुई। साफ कहा कि यदि 15 दिसम्बर तक निर्माण कार्य पूर्ण न हुआ तो क्या विधायक धरना-प्रदर्शन कर अपनी सरकार के खिलाफ बगावत करेंगे। साथ ही कहा कि यदि दी गई तारीख पर आरओबी का निर्माण कार्य पूर्ण न हुआ तो कांग्रेस द्वारा विधायक आवास के बाहर धरना दिया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी मनोज जोशी, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, पूर्व अध्यक्ष संदीप सहगल एडवोकेट आदि मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement