रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए हमले के खिलाफ भाकपा(माले) ने निकाला जुलूस और की शांति बहाल करने की मांग

लालकुआं। रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए हमले के खिलाफ विभिन्न देशों में हो रहे प्रदर्शन के बाद आज भाकपा(माले) ने काररोड बाजार बिन्दुखत्ता में रुस द्वारा यूक्रेन पर थोपे गए युद्ध के खिलाफ जुलूस निकाला और शांति बहाल करने की मांग की। इस दौरान हुई संक्षिप्त सभा को सम्बोधित करते हुए भाकपा(माले) के राज्य सचिव कॉमरेड राजा बहुगुणा ने कहा कि रूस द्वारा यूक्रेन के खिलाफ छेड़ा गया युद्ध एक स्वतंत्र देश की संप्रभुता पर सीधा हमला है। जिसका भाकपा(माले) कड़ा विरोध करती है। कोई भी युद्ध दुनिया मे अशांति फैलाता है व आम जनता की जान-माल और देशों की अर्थव्यवस्था को तबाह करने का काम करता है। रूस द्वारा छेड़े गए युद्ध के कारण हजारों भारतीयों सहित लाखों लोगों की जान खतरे में पड़ गई है। किसी भी समस्या का समाधान शांतिपूर्ण ढंग से वार्ता के माध्यम से हो सकता है ।युद्ध नई समस्याएं खड़ी करता है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर रूसी सेना के हमले के विरुद्ध रूस की आम जनता का जबरदस्त विरोध आज दुनिया की शांतिकामी जनता के लिए प्रेरणा का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में फंसे 20000 नागरिकों की घर वापसी को लेकर केंद्र सरकार कछुआ चाल चल रही है। जबकि आज इसकी जरूरत है कि भारतीय नागरिकों को भारत सरकार अपने खर्चे पर भारत वापस लाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि साम्राज्यवादी देशों ने आज दुनिया को बारूद के ढेर पर बैठा दिया है। उनकी एक सनक कभी भी पूरी मानवता को विनाश की तरफ धकेल सकती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युद्ध नहीं शांति चाहिए की मुहिम को व्यापक से व्यापक बनाया जाना चाहिए। प्रदर्शन में बहादुर सिंह जंगी, विमला रौथान, किशन सिंह बघरी, स्वरूप सिंह दानू, ललित सिंह मटियाली,निर्मला शाही, पुष्कर दुबड़िया,नैन सिंह कोरंगा, आनंद सिंह दानू ,धीरज कुमार ,रितेश, शिव सिंह, बीना आर्य,वीरेंद्र सिंह, गोपाल सिंह आदि शामिल थे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement