मारियुपोल पर रूसी बमबारी में 2,500 लोगों की मौत ; यह है अब तक की अपडेट्स 

कीव/मॉस्को:  रूस-यूक्रेन जंग को आज 19 दिन हो गए हैं। यूक्रेन का दावा है कि दक्षिणी शहर मारियुपोल पर रूसी बमबारी से अब तक 2,500 से ज्यादा मौतें हुई हैं। राष्ट्रपति जेलेंस्की के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच ने कहा कि, मारियुपोल में हमारी सेना को कामयाबी मिल रही है। हमने कल यहां पर रूसी सेना को हराकर अपने युद्ध बंदियों को आजाद करा लिया। इससे बौखला कर रूसी सेना शहर में तबाही मचा रही है।

दोनों देशों की वार-तकरार से यूरोप के देशों पर कोरोना का खतरा बढ़ गया है। अब तक 20 लाख से ज्यादा यूक्रेनी शरणार्थी यूरोपीय देशों में पहुंचे हैं। इनमें से ज्यादातर का वैक्सीनेशन नहीं हुआ। रविवार को WHO की तरफ से प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि यूक्रेन और आसपास के देशों में 3 से 9 मार्च के बीच कोरोना के कुल 791,021 नए मामले सामने आए और 8,012 नई मौतें दर्ज की गई।

ताजा अपडेट्स…

• यूक्रेन के मंत्री डेनिस कुडिन ने बताया कि रूसी हमले की वजह से यूक्रेनी इंफ्रास्ट्रक्चर को अब तक 119 बिलियन डॉलर से ज्यादा का नुकसान हो चुका है।

• सदर्न पोर्ट सिटी माएकोलेव में भी रूसी एयर स्ट्राइक में 9 आम नागरिकों के मरने और दर्जन भर से ज्यादा के घायल होने का दावा रीजनल गवर्नर ने किया है।

• स्पुतनिक न्यूज एजेंसी के मुताबिक यूक्रेन और रूस के अधिकारी आज फिर से शांति वार्ता करेंगे।

• यूक्रेन के इरपिन शहर में रूसी सेना की गोलीबारी में अमेरिकी पत्रकार ब्रेंट रेनॉड की मौत हो गई।

• वहीं, उनके साथी पत्रकार जुआन अर्रेडोंडो घायल हो गए। 51 साल के रेनॉड अवॉर्ड विनिंग फिल्ममेकर भी थे।

• AFP न्यूज एजेंसी के मुताबिक, मॉस्को में यूक्रेन पर हमले के खिलाफ रविवार को बहुत बड़ा प्रदर्शन किया गया।

• रूसी पुलिस ने इसमें शामिल 800 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है।

• रूस के वित्त मंत्री एंटोन सिलुआनोव ने रविवार को कहा कि विदेशी प्रतिबंधों से करीब 2.30 लाख करोड़ रुपए का फंड फ्रीज हो गया है। यह फंड रूसी सरकार के 4.91 लाख करोड़ रुपए के रेनी-डे फंड का हिस्सा था।

• यूक्रेन के मानव अधिकार निगरानी समूह ने रूस पर पोपसाना शहर में फास्फोरस बम से हमला करने का आरोप लगाया है। हालांकि इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement