रूद्रपुर में ठेली फड़ व्यवसायियों को मिली सौगात, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का मिला लाभ

रूद्रपुर। मेयर रामपाल सिंह ने आज केन्द्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत नगर निगम रुद्रपुर के सूडा अनुभाग के प्रयासों से शहर के ठेली फेरी और फड़ व्यवसायियों को करीब एक करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता वितरित की। लाभार्थियों को दस दस हजार की आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की गयी। कार्यक्रम में मेयर रामपाल सिंह ने ठेली फड़ व्यवसायियों के लिए 98.40 लाख का डमी चेक प्रदान कर लाभार्थियों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गरीब ठेली फड़ व्यवसायियों के लिए शुरू की गयी एक महत्वाकांक्षी योजना है। देश भर में करोड़ों लघु व्यवसायियों को इसका लाभ मिल चुका है। मेयर ने कहा कि इस योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवसाय के लिए लोन देने का भी प्रावधान है। नगर निगम के सूडा अनुभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ लाभार्थियों को दिलाने के लिए आवेदन किये गये थे। जिसके तहत फिलहाल 984 छोटे व्यवसायियों का चयन करके उनके खातों में दस -दस हजार रूपए की आर्थिक सहायता के हिसाब से 98 लाख 40 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की गयी है। मेयर ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार लघु व्यवसायियों की मदद के लिए तत्पर हैं। केन्द्र सरकार ने गरीब जरूरतमंद व्यवसायियों की मदद के लिए कोरोना काल में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को शुरू किया था। इस योजना ने लाखों व्यवसायियों के चेहरे पर खुशियां लौटायी है। मेयर ने कहा कि शहर के समग्र विकास के साथ साथ नगर निगम केन्द्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए तत्पर है। इस अवसर पर नगर आयुक्त विशाल मिश्रा, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल, राजदेव जायसी, सिटी प्रोजेक्ट मैनेजर मोव जाफर आदि मौजूद रहे।।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement