




नये महापौर ने ली अधिकारियों कर्मचारियों की पहली बैठक
रूद्रपुर। नवनिर्वाचित महापौर ने मंगलवार को नगर निगम के अधिकारियों कर्मचारियों की पहली बैठक लेकर उनसे परिचय प्राप्त किया आगामी प्रस्तावित कार्यों को लेकर व्यापक मंथन किया।
नगर निगम कार्यालय में आयोजित बैठक में महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए नगर निगम के सभी विभागों के कार्यों और उनकी प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही सभी से शहर के विकास के लिए सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि रूद्रपुर शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए मिलजुकर प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारी कर्मचारी नगर निगम की रीढ़ हैं उनके बिना शहर का विकास संभव नही है। उन्होंने कहा कि शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए समय समय पर अधिकारियों कर्मचारियों के सुझाव भी लिये जायेंगे।
महौपार ने कहा कि शहर के विकास के साथ साथ नगर निगम के कर्मचारियों की समस्याओं का भी प्राथमिकता से निस्तारण किया जायेगा। नगर निगम में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए शीघ्र ही मुख्यमंत्री से वार्ता की जायेगी। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से नये कलेवर और नये उत्साह के साथ काम किया जायेगा। सभी वार्डों में सड़क, पानी, बिजली जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि शहर में सौर उर्जा को घर घर पहुंचाने के लिए विशेष रूप से काम किया जायेगा। शहर के एक वार्ड को शत प्रतिशत सौर उर्जा से लैस किया जायेगा। उन्होंने कहा कि वेंडिंग जोन में दुकानें आवंटन के लिए जल्द ही न्यूनतम मूल्य निर्धारित किया जायेगा।
नगर निगम में काम काज को व्यवस्थित करने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के साथ साथ नये उपकरणों को भी शामिल किया जायेगा। सफाई व्यवस्था को हाइटेक बनाने के भी प्रयास होंगे। उन्होंने कहा कि शहर में विकास कार्याे को तेज गति प्रदान करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। इस दौरान अधिकारी कर्मचारियों ने विभागों से सम्बंधित जानकारियां देने के साथ ही जरूरी सुझाव भी दिये और मेयर को शहर के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया।
इस दौरान नगर आयुक्त श्री नरेश दुर्गा पाल जी उपनगर आयुक्त श्रीमती शिप्रा जोशी पांडेय वरिष्ठ वित्त अधिकारी श्री ज़ुबक मोहन सक्सैना सहायक नगर आयुक्त श्रीमती राजू नबियाल, प्रभारी सहायक नगर आयुक्त श्री रणजीत सिंह, डॉ. श्री हर्ष पाल चंडोक आदि समस्त नगर निगम परिवार कर्मचारी गण मौजूद रहे ।।

