आधी रात के बाद क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं भाजपा नेता के घर में तमंचे लहराते घुसे चार बदमाशों ने लाखों रुपये के गहने बटोर लिये और फरार हो गये

काशीपुर। आधी रात के बाद क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं भाजपा नेता के घर में तमंचे लहराते घुसे चार बदमाशों ने लाखों रुपये के गहने बटोर लिये और फरार हो गये। यह दुस्साहसिक वारदात पूर्व भाजपा विधायक के आवास के समीप रहने वाले भाजपा नेता के घर में होने से शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आईटीआई थाना क्षेत्रान्तर्गत बाजपुर रोड पर द्रोणा सागर के नजदीक पूर्व भाजपा विधायक हरभजन सिंह चीमा के घर से सटे मकान में भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप पैगिया व डा. ईश्वर अग्रवाल रहते हंै। डा. ईश्वर अग्रवाल ने बताया कि बीती रात घर के सभी लोग सोये हुए थे। सुबह जब उठे तो एक दरवाजा टूटा मिला। साथ ही सामान बिखरा दिखने पर जब अलमारी देखी तो उसमें से आभूषण आदि गायब देखकर माथा ठनका। घर के भीतर लगे सीसीटीवी चैक किये तो उसमें चार बदमाश रिवाल्वर लहराते हुए दिखाई दिये। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार घटना रात दो बजे के आसपास की है। घटना की सूचना तत्काल आईटीआई थाना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया तथा परिजनों से जानकारी ली। घटना की तहरीर पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस उपाधीक्षक वीर सिंह ने बताया कि मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जांच पड़ताल जारी है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement