पैगिया आवास पर घटित दुस्साहसिक वारदात की पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा है कि अपराधियों में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रह गया है

काशीपुर। पैगिया आवास पर घटित दुस्साहसिक वारदात की पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा है कि अपराधियों में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रह गया है। यदि खौफ होता तो आधी रात को बदमाश तमंचे लहराते हुए इस वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। उन्होंने कहा कि पुलिस को शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार करना चाहिए। प्रेस को जारी अपने बयान में पूर्व विधायक ने कहा कि उनके आवास पर दो पुलिस कर्मी तैनात थे और 20 वर्षों से काशीपुर के विधायक से बिल्कुल सटे मकान पर बेखौफ तमंचाधारी चार बदमाश आधी रात ऐसे घूम रहे थे जैसे उनको किसी का भय नहीं था और वे बदमाश उनके पड़ोसी प्रतिष्ठित व्यापारी एवं भाजपा नेता प्रदीप पैगिया के घर (पैगिया आवास) में घुसे और लाखों रुपये के गहने बटोर ले गये। गनीमत रही कि इस दौरान जाग नहीं हुई अन्यथा कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। श्री चीमा ने कहा कि इस घटना ने साबित कर दिया है कि बदमाश पुलिस से बिल्कुल भी नहीं डरते। उन्होंने पुलिस को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की नसीहत देते हुए कहा कि वे इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को मय तमंचों के गिरफ्तार करे ताकि आम जनता और व्यापारियों में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement