



कैंची धाम ड्यूटी में शराब पीकर युवती से छेड़छाड़ का आरोप, दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार; SSP का बड़ा एक्शन
नैनीताल।कैंची धाम स्थापना दिवस की ड्यूटी के दौरान दो पुलिसकर्मियों पर शराब के नशे में अभद्रता और छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को हिरासत में लेने के निर्देश दिए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली भवाली में नामजद एफआईआर दर्ज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी रात्रि ड्यूटी के दौरान एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। आरोप है कि उन्होंने अत्यधिक शराब का सेवन किया और नशे की हालत में होमस्टे संचालक के परिवार की एक युवती से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर परिजनों और स्थानीय लोगों के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ, एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दोनों पुलिसकर्मियों का अल्कोहल टेस्ट कराया गया। मेडिकल परीक्षण में भी शराब के सेवन की पुष्टि हुई।
इसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। उनके खिलाफ कोतवाली भवाली में नामजद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस विभाग ने बताया कि निलंबन के साथ-साथ सेवा से बर्खास्तगी तक की कठोर कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। संबंधित पुलिसकर्मियों के मूल जनपद के एसएसपी को भी रिपोर्ट भेजी गई है।
SSP का सख्त संदेश
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी के दौरान नशाखोरी, अनुशासनहीनता या किसी भी प्रकार का आपराधिक कृत्य किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून सभी के लिए समान है और दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

