-->

जन्मदिन पर विधायक शिव अरोरा को मिला जनआशीर्वाद, रुद्रपुर में हजारों लोगों ने दी शुभकामनाएं

खबरे शेयर करे -

 रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा का जन्मदिवस गुरुवार को पूरे विधानसभा क्षेत्र में उत्साह, श्रद्धा और जनसमर्थन के साथ मनाया गया। भूतबंगला रामलीला मैदान, धर्मनगर और ट्रांजिट कैंप समेत विभिन्न स्थानों पर आयोजित जनआशीर्वाद कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने पहुंचकर विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर स्वागत समारोह और भंडारे तक दिनभर चले आयोजनों में समाज के विभिन्न वर्गों, भाजपा कार्यकर्ताओं, महिला शक्ति, युवाओं और स्थानीय नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली

कार्यक्रमों की शुरुआत पांच मंदिर में सुंदरकांड पाठ और पूजा-अर्चना से हुई, जहां क्षेत्र की सुख-समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना की गई। इसके बाद भूतबंगला स्थित रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनआशीर्वाद कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें पारंपरिक सम्मान स्वरूप गदा और तलवार भेंट की गई तथा समर्थकों ने जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।

सिटी क्लब में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं ने विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके जनहित के कार्यों की सराहना की। वहीं धर्मनगर में आयोजित जनआशीर्वाद कार्यक्रम और भंडारे में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, किसानों, युवाओं और महिलाओं ने भाग लेकर क्षेत्र के विकास और विधायक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ट्रांजिट कैंप की नारायण कॉलोनी में आयोजित स्वागत समारोह में भी भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने केक काटकर जन्मदिन मनाया और विधायक शिव अरोरा का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रमों के दौरान लोगों ने विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, जनसमस्याओं के समाधान और जनता के बीच विधायक की सक्रियता की सराहना की।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने सभी नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि वे रुद्रपुर विधानसभा के समग्र विकास, जनकल्याण और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।

कार्यक्रमों में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, उपाध्यक्ष शालनी बोरा, उपेंद्र चौधरी, सुरेश कोली, राजकुमार फूटेला, राजेश डाबर, पंकज बांगा, महेश बब्बर, मीना शर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


खबरे शेयर करे -