विश्व समाचार: हूती विद्रोहियों के खिलाफ युद्ध में उतरना चाहते थे नेतन्याहू, सऊदी अरब ने ठुकराया प्रस्ताव

विश्व समाचार: हूती विद्रोहियों के खिलाफ युद्ध में उतरना चाहते थे नेतन्याहू, सऊदी अरब ने ठुकराया प्रस्ताव

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य अभियान में शामिल होने के लिए सऊदी अरब से संपर्क किया था। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका की मध्यस्थता के जरिए यह प्रस्ताव रखा गया, लेकिन सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने इसका विरोध किया। रिपोर्ट में बताया गया है कि सऊदी नेतृत्व को आशंका थी कि इजरायल के साथ सैन्य सहयोग से देश के भीतर जनता की नाराजगी बढ़ सकती है।

रिपोर्टों के मुताबिक, इजरायल को उम्मीद थी कि इस तरह का सैन्य सहयोग दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने और भविष्य में राजनयिक समझौते का रास्ता खोलने में मदद कर सकता है। हालांकि, सऊदी अरब और इजरायल के बीच अभी औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं। सऊदी अरब लंबे समय से स्पष्ट करता रहा है कि इजरायल के साथ संबंध सामान्य करने के लिए फिलिस्तीनी मुद्दे का स्थायी समाधान और स्वतंत्र फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना जरूरी है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब क्षेत्र में हूती विद्रोहियों की गतिविधियों और हमलों को लेकर तनाव बना हुआ है। खबर के अनुसार, हूतियों के हमलों से सऊदी अरब के विमानन क्षेत्र पर भी असर पड़ा है और उड़ानें रद्द होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इजरायल के प्रस्ताव को ठुकराए जाने के मामले पर सऊदी अधिकारियों की ओर से आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement