उत्तर प्रदेश में 12,405 शिक्षक पदों पर भर्ती, आज आवेदन की आखिरी तारीख
उत्तर प्रदेश में प्राइमरी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की ओर से प्राथमिक शिक्षक के 12,405 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों को आज ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अंतिम तारीख के बाद आवेदन विंडो बंद हो जाएगी।
इस भर्ती में प्राथमिक विद्यालयों के शहरी क्षेत्र के लिए सहायक अध्यापक के 11,508 पद और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के लिए 897 पद निर्धारित किए गए हैं। आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास स्नातक के साथ डीएलएड, बीटीसी या बीएलएड जैसी निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा यूपीटीईटी या सीटीईटी उत्तीर्ण होना भी आवश्यक बताया गया है। शहरी क्षेत्र के पदों के लिए आयु सीमा 21 से 40 वर्ष है, जबकि आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 1,000 रुपये, एससी-एसटी वर्ग के लिए 500 रुपये और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये निर्धारित है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए पहले ओटीआर आईडी बनानी होगी, फिर लॉगिन करके आवश्यक विवरण भरने, शुल्क जमा करने और फॉर्म सबमिट करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थी आधिकारिक नोटिफिकेशन में पात्रता और अन्य शर्तों की पुष्टि जरूर करें।





