बिहार: सभी विश्वविद्यालयों में लागू होगी AI नीति, पढ़ाई से परीक्षा तक बदलेगा तरीका

बिहार: सभी विश्वविद्यालयों में लागू होगी AI नीति, पढ़ाई से परीक्षा तक बदलेगा तरीका

बिहार में उच्च शिक्षा को आधुनिक बनाने के लिए सरकार सभी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) नीति लागू करने की तैयारी कर रही है। इसका उद्देश्य पढ़ाई, परीक्षा, मूल्यांकन और प्रशासनिक कार्यों को तकनीक से जोड़ना है। सरकार की योजना अगले शैक्षणिक सत्र से पहले इस नीति को लागू करने की है।

प्रस्तावित नीति के तहत उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन, प्रश्नपत्र तैयार करने, वर्चुअल लैब, चैटबॉट, पाठ्यक्रम निर्माण और शोध कार्यों में AI का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग और विज्ञान, प्रावैधिकी तथा तकनीकी शिक्षा विभाग विशेषज्ञों और शिक्षाविदों की मदद से नीति का प्रारूप तैयार करेंगे। इसके क्रियान्वयन के लिए AI पॉलिसी एडवाइजरी कमेटी और AI पॉलिसी इंप्लीमेंटेशन कमेटी गठित करने की योजना है।

नीति के तहत शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए AI के उपयोग से जुड़े स्पष्ट नियम बनाए जाएंगे। शिक्षकों को पाठ्यक्रम, नोट्स या प्रश्नपत्र तैयार करने में AI की मदद लेने पर इसकी जानकारी देनी होगी। वहीं, विद्यार्थियों को असाइनमेंट और प्रोजेक्ट में AI के इस्तेमाल का खुलासा करना होगा। नकल रोकने, डेटा की गोपनीयता बनाए रखने और AI के नैतिक इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। साथ ही शिक्षकों, छात्रों और कर्मचारियों को AI के उपयोग के लिए प्रशिक्षित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement