झारखंड: PLFI का जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी समेत 4 उग्रवादी गिरफ्तार
गुमला पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ बसिया शिव शंकर मरांडी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगदा गांव के पास कार्रवाई कर आरोपितों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विश्राम कोंगाडी, अमर सुरीन, एतवा कोंगाडी उर्फ एतवा मास्टर और अर्पित तोपनो उर्फ बेंदा के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि इनका सिमडेगा, खूंटी समेत कई जिलों में आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देसी पिस्तौल, दो पिस्तौल मैगजीन, एक देसी बंदूक, एक देसी कट्टा, अलग-अलग बोर के सात कारतूस, एक खोखा, पीएलएफआई के छह प्रतिबंधित पर्चे और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।




