अफगानिस्तान: पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर तालिबान का जवाबी हमला, एक की मौत
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। काबुल के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पक्तिका प्रांत में कथित पाकिस्तानी ड्रोन हमलों के बाद अफगान सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों और चौकियों पर भारी हथियारों व तोपखाने से हमला किया।
इस गोलीबारी का असर सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले नागरिकों पर भी पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के वजीरिस्तान क्षेत्र में अफगान गोलीबारी और मोर्टार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने घटना पर आपत्ति जताते हुए जवाबी कार्रवाई की बात कही है। फरवरी से जारी सीमा विवाद के बीच दोनों देशों के संबंधों में तनाव बना हुआ है। तालिबान की ओर से कूटनीति के जरिए मतभेद सुलझाने की बात कही गई थी, लेकिन ताजा सैन्य कार्रवाई से क्षेत्र में शांति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।




