# **ऑपरेशन प्रहार के तहत दिनेशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक और फरार वारंटी गिरफ्तार**
**दिनेशपुर।** ऊधमसिंह नगर जिले में फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। SSP अजय गणपति के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दिनेशपुर पुलिस ने एक और फरार वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमजीत सिंह उर्फ पम्मा (39 वर्ष) पुत्र महेंद्र सिंह निवासी ग्राम बुक्सौरा, थाना दिनेशपुर के रूप में हुई है। आरोपी थाना दिनेशपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 109/2024, धारा 60 आबकारी अधिनियम के मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी था।
SSP अजय गणपति ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को वांछित, फरार और पेशेवर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में दिनेशपुर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस टीम ने 16 नवंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी परमजीत सिंह उर्फ पम्मा को गिरफ्तार कर वारंट की तामील की।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक लोकेश कुमार और हेड कांस्टेबल कृपाल बोरा शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में फरार और भगोड़े अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और गिरफ्तारी से बचने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की लगातार कार्रवाई से फरार अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।




