जानिए क्यों बिगड़े किच्छा के हालात हुआ कांग्रेसी नेता पर जानलेवा हमला 

खबरे शेयर करे -

ऊधम सिंह नगर जिले की किच्छा विधानसभा के कांग्रेस नेता गुलशन सिंधी पर अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कांग्रेस नेता सिंधी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुलशन के भाई मनोज कुमार ने घटना से जुड़ी एक तहरीर कोतवाली किच्छा में सौंपी है। इस तहरीर में मनोज ने विधानसभा चुनाव के दौरान उन पर हुए हमले का जिक्र करते हुए 3 लोगों के नाम खोलते हुए पुलिस से कार्यवाही की मांग की है। साथ ही इस हमले को चुनावी रंजिश होना बताया है। उधर, कांग्रेस नेता पर हमले की सूचना पर विधायक तिलकराज बेहड़ ने कोतवाली परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी सीओ ओमप्रकाश शर्मा के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। विधायक बेहड़ ने सीओ व कोतवाल के ट्रांसफर की बात करते हुए पूरे मामले में कार्यवाही नहीं होने की दशा में कल से धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।

मनोज कुमार पुत्र स्वर्गीय नंदलाल निवासी आवास विकास किच्छा ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 3 अप्रैल शाम करीब 5:30 बजे उनके भाई गुलशन सिंधी किच्छा रोडवेज के अंदर गाड़ी खड़ी करके अपने होटल जाने लगे। इसी दौरान सफेद रंग की स्कार्पियो गाड़ी संख्या यूके 19 7779 से आए कुछ अज्ञात लोगों ने जान से मारने की नियत से उनके भाई पर हमला कर दिया। हमले में उनका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। जिनको गंभीर अवस्था में सरकारी अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मनोज ने अपनी तहरीर में 12 फरवरी 2022 को हुए घटनाक्रम का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि मोनू शुक्ला, धीरज सिंह, नितिन सिंह एवं अन्य लोगों ने उनके साथ काफी मारपीट की थी। जिसकी तहरीर भी पुलिस को दी गई थी। मनोज ने इस पूरे घटनाक्रम को चुनावी रंजिश का होना बताया है। साथ ही उन्होंने उनके व उनके परिवार के साथ किसी भी अप्रिय घटना के घटित होने की आशंका भी व्यक्त की है। मनोज की तहरीर पर पुलिस ने कार्यवाही शुरू कर दी है।


खबरे शेयर करे -

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *