-->

हरिद्वार-लक्सर क्षेत्र में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 14 स्टोन क्रेशर सील

खबरे शेयर करे -

हरिद्वार-लक्सर क्षेत्र में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 14 स्टोन क्रेशर सील

खनन विभाग की टीम ने की छापेमारी, 10 करोड़ से अधिक के अर्थदंड की तैयारी

 

हरिद्वार/लक्सर। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अवैध खनन और अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन विभाग की टीम ने हरिद्वार जनपद के लक्सर और आसपास के क्षेत्रों में 14 स्टोन क्रेशरों पर छापेमारी कर उन्हें सील कर दिया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर शासन स्तर से सख्त रुख अपनाते हुए भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, देहरादून की अगुवाई में प्रवर्तन दल का गठन किया गया। इसी क्रम में 17 मार्च 2026 को टीम ने तहसील लक्सर के फतवा, महतोली, मुजफ्फरपुर गुर्जर, नेहटौर और बाड़डीप समेत विभिन्न क्षेत्रों में संचालित स्टोन क्रेशरों की जांच की।

 

जांच के दौरान कई स्टोन क्रेशर अवैध खनन और भंडारण में संलिप्त पाए गए। इस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर ही सभी 14 क्रेशरों को सील कर दिया, साथ ही उनके ई-रवन्ना पोर्टल को भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया।

 

प्राथमिक जांच में इन स्टोन क्रेशरों पर 10 करोड़ रुपये से अधिक का अर्थदंड लगाए जाने की संभावना जताई गई है। संबंधित प्रकरण में उत्तराखंड खनन (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियमावली, 2021 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

इस दौरान प्रवर्तन दल में खनन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिला खनन अधिकारी, खान निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 


खबरे शेयर करे -