



गंगापुर में भीषण आग, 40 एकड़ गेहूं की फसल राख
किच्छा विधानसभा, तहसील रुद्रपुर क्षेत्र के ग्राम गंगापुर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक बिजली विभाग की लापरवाही से 11000 के झूलते तारों में स्पार्किंग के कारण गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही करीब 40 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि इस आगजनी में करीब एक दर्जन किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। किसानों के सामने अब आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने बिजली विभाग के प्रबंध निदेशक से फोन पर वार्ता कर नुकसान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने एवं पीड़ित किसानों को मुआवजा देने के संबंध में वार्ता की।
पीड़ित किसानों को सांत्वना देते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि 11000 की झूलते तारों से हुए स्पार्किंग के कारण निकले चिंगारी से प्रगतिशील किसान ऋषिकेश सिंह की गेहूं में आग लग गई, हवा के तेज रूख ने आग़ को विकराल कर दिया और देखते ही देखते लगभग 40 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। जिसमें अरविंद कुमार सिंह एवं विनय कुमार सिंह की 11 एकड़, रजनीश अरोड़ा एवं सुधीर अरोड़ा के 10 एकड़, अवधेश कुमार सिंह एवं अन्य के 8 एकड़, सुमन पांडे एवं अन्य के 8 एकड़ की फसल जलकर राख हो गई। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पूर्व ही आग पर काबू पाया जा चुका था।

