



तहसील दिवस में उठी समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लेते हुए त्वरित गति से निस्तारित करना सुनिश्चित करंे यह निर्देश उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने तहसील में आयोजित तहसील दिवस में अपने अधिनस्थ अधिकारियों को दिये
रूद्रपुर – तहसील दिवस में उठी समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लेते हुए त्वरित गति से निस्तारित करना सुनिश्चित करंे यह निर्देश उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने तहसील में आयोजित तहसील दिवस में अपने अधिनस्थ अधिकारियों को दिये। उन्होने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए तहसील दिवस/जन जन की सरकार-जन जन के द्वार कार्यक्रम में पंजीकृत समस्याओं को त्वरित निस्तारित किया जाये। उन्होने कहा कि सभी प्रकार के प्रमाण पत्रों को शीघ्रता से निर्गत किया जाये। उन्होने कहा कि विभाग आपसी समन्वय करते हुए योजनाओं से पात्रों को लाभान्वित करें तथा विभिन्न योजनाओं के पात्रों का फार्म भरवाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि रोस्टर के अनुसार जनता को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए जन जन की सरकार-जन जन के द्वार का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाये।
खण्ड विकास अधिकारी असित आनंद ने बताया कि जन जन की सरकार-जन जन के द्वार के निर्धारित रोस्टर के अनुसार 06 जनवरी 2026 को न्यायपंचायत बंण्डिया में, 17 जनवरी को न्यायपंचायत के अन्तर्गत राजकीय इण्टर कालेज बरा में, 19 जनवरी को राजकीय इंटर कालेज दरउ व 27 जनवरी को न्यायपंचायत विगबाड़ा के अन्तर्गत राजकीय इंटर कालेज बागवाला में जन जन की सरकार-जन जन के द्वार शिविर का आयोजन किया जायेगा।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील दिवस में भूमि जांच से सम्बन्धित 03 शिकायतों का निस्तारण व खतौनी-वितरण के 46, स्थायी निवास के 21, जाति प्रमाण पत्र के 07, आय प्रमाण पत्र के 08, उत्तरजीवी प्रमाण पत्र के 02, तथा 01 हैसियत प्रमाण पत्र बनाकर शिविर में उपलब्ध कराये गये।
इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक संजय वर्मा, राधे सिंह राना, उप निरीक्षक जगदीश सिंह दिगारी, चिकित्साधिकारी आयुर्वेदिक एवं यूनानी डॉ0 बीएस रौतेल, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पूजा सिंह, मण्डी समिति के संजय शर्मा, सहकारिता निरीक्षक अयोध्या प्रसाद, बिजली विभाग के अन्नू अरोरा, मत्स्य विभाग की प्रगति, राजस्व विभाग के लक्ष्मण आर्या, विजय कुमार, मीनाक्षी गोस्वामी आदि मौजूद थे।
—

