



रुद्रपुर। शहर में हो रहे विकास कार्य की गति काफी धीमी दिख रही है। रुद्रपुर स्थित भूरारानी मार्ग पर लंबे समय से सड़क निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है लेकिन किसी अधिकारी व जनप्रतिनिधि की उस ओर नजर नहीं जा रही है। जिससे कालोनीवासी काफी खफा हैं। करीब 9 माह से सिंह कालोनी से भूरारानी की ओर जाने वाले मार्ग की स्थिति जर्जर हो रखी है लेकिन नगर निगम इस ओर कतई ध्यान नहीं दे रहा है। कालोनी के लोगों का कहना है कि नगर निगम कुंभकरणी नींद सोया हुआ है। नगर निगम एकमात्र प्रतिष्ठित कालोनियों में ही विकास कर रहा है, इस ओर नगर निगम की गति काफी धीमी है। करीब 10 माह पूर्व नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण का कार्य शुरु किया गया था, जिसके बाद सड़क को खुर्दबुर्द कर उसका निर्माण रोक दिया गया, जिसका खामियाजा कालोनी व राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं अब गुस्साए कालोनी के लोगों ने विरोध करने का मन बना लिया है, जिसके बाद आसपास की कालोनी के लोग कल धरना प्रदर्शन की तैयारी में है। भाजपा नेता सोनू गगनेजा का कहना है कि नगर निगम की यह रवैया बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। लंबे समय से सड़क निर्माण कार्य रुका हुआ है, जिसपर नगर निगम बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कल नगर निगम का विरोध करते हुए प्रदर्शन करने की बात कही।
वहीं पूरे मामले में मेयर रामपाल का कहना है कि नगर निगम तय बजट के अनुसार कार्य करता है। बजट की कमी के चलते निर्माण कार्य को रोका गया था, अब स्थिति सामान्य है, जल्द ही सड़क निर्माण कार्य को पुनः शुरु किया जायेगा। वहीं मेयर ने बताया कि सड़क की आयु को बढ़ाने के लिए सड़क को कुछ हद तक तैयार कर दबने के लिए छोड़ दिया जाता है, जिससे सड़क की गुणवत्ता अच्छी हो सके। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरु कर दिया जायेगा।