



बिना सत्यापन किरायेदार रखने पर पांच मकान मालिकों पर 50 हजार का जुर्माना
दिनेशपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर बाहरी राज्यों से आए लोगों, किरायेदारों, श्रमिकों और घरेलू नौकरों के सत्यापन को लेकर पुलिस ने अभियान चलाया। रविवार को थाना दिनेशपुर पुलिस ने कस्बा दिनेशपुर और जयनगर क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान बिना सत्यापन किरायेदार, श्रमिक और घरेलू नौकर रखने वाले पांच गृह स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने प्रत्येक गृह स्वामी का 10 हजार रुपये का चालान करते हुए कुल 50 हजार रुपये के अर्थदंड के चालान न्यायालय को भेजे। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

