



सुप्रीम कोर्ट में बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले की सुनवाई टली, अब 17 सितंबर को संभावित सुनवाई
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित अहम सुनवाई फिलहाल टल गई है। अब केस की अगली संभावित सुनवाई 17 सितंबर 2026 को हो सकती है। 9 सितंबर की कार्यवाही के बाद सुप्रीम कोर्ट के केस स्टेटस में मामले को लंबित दर्शाते हुए 17 सितंबर की संभावित लिस्टिंग दर्ज की गई है।
पिछली तारीखों पर सुनवाई टलने के बाद आज की कार्यवाही को लेकर क्षेत्रवासियों और प्रशासन की नजरें सुप्रीम कोर्ट पर टिकी थीं। राज्य सरकार की अर्जेंट पिटीशन के चलते भी मामले को महत्वपूर्ण माना जा रहा था।
वहीं, सुनवाई से पहले बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल और PAC की तैनाती के साथ ड्रोन से निगरानी, चेकिंग और फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
अब सभी की निगाहें 17 सितंबर को होने वाली संभावित सुप्रीम कोर्ट सुनवाई पर टिकी हैं।

