



कामना सागर में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत, परिवार में मचा कोहराम
दिनेशपुर। हरिचांद-गुरुचांद मंदिर में स्थित कामना सागर में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। वही पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी और वर्तमान में वार्ड नंबर सात में रह रहे गुड्डू कुमार यादव का सात वर्षीय पुत्र आरव करीब तीन बजे हरिचांद-गुरुचांद मंदिर स्थित कामना सागर में नहाने गया था। बारिश के कारण तालाब में पानी अधिक होने से वह गहरे पानी में डूब गया। वही काफी देर तक आरव के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान परिजनों ने उसे पानी से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना किसी ने 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस के अनुसार अगले दिन पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

