घर से ट्यूशन पढ़ने जा रही छात्रा पर युवक ने हमला कर किया लहूलुहान

घर से ट्यूशन पढ़ने जा रही छात्रा पर युवक ने हमला कर किया लहूलुहान

 

 

काशीपुर। घर से ट्यूशन पढ़ने जा रही एक छात्रा पर सरेराह एक युवक ने पाटल से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने बामुश्किल छात्रा को बचाया और सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे अन्यत्र रैफर कर दिया गया। हमलावर युवक मौके से फरार हो गया। घटनाक्रम पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी ली और युवक की तलाश में जुट गई।

नगर के मोहल्ला खालसा निवासी बीकॉम द्वितीय वर्ष की 22 वर्षीय एक छात्रा अपनी बहन और एक अन्य छात्रा के साथ शाम करीब पौने चार बजे मोहल्ला पक्काकोट स्थित एक शिक्षिका के घर ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान मोहल्ला कटोराताल स्थित चर्च के पास रहने वाले एक युवक ने मोहल्ला पक्का कोट स्थित बिजली घर के पास तीनों छात्राओं को रास्ते में रोक लिया और बीकॉम की छात्रा पर पाटल से ताबड़तोड़ सिर पर हमला बोल दिया। साथ में जा रही छात्राओं ने बचाव करते हुए शोर मचाया। इसी दौरान पास में ही काम कर रहे पर्यावरण मित्र फावड़ा लेकर युवक की ओर दौड़ पड़े। तब हमलावर युवक पाटल लेकर उन पर भी झपट पड़ा लेकिन लोगों का आता देखकर वह मौके से फरार हो गया।

मोहल्लेवासियों ने लहूलुहान छात्रा को एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। सूचना मिलने पर एसएसआई प्रदीप मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल छात्रा व साथी छात्राओं से जानकारी ली। थोड़ी देर में ही घटना की सूचना पूरे शहर में फैल गई। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण बड़ी संख्या में हिन्दूवादी कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और पुलिस से आरोपी युवक को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। कोतवाली प्रभारी मनोज रतूड़ी ने बताया कि आरोपी युवक इससे पहले भी छात्रा पर हमले और छेड़खानी कर चुका है। उसके खिलाफ पहले भी तीन मुकदमे क्रमश: 2019, 2021 और 2022 में दर्ज हैं। आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, गहरी चोट होने के कारण छात्रा को देर शाम निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement