शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने ली जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों संग समीक्षा बैठक

रुद्रपुर। शहर में जिला विकास प्राधिकरण रुद्रपुर के उच्चाधिकारियों के साथ शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बैठक की। इस दौरान प्राधिकरण के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही आवासीय व व्यवसायिक नक्शों को तय समय पर पास करने, अवैध निर्माण पर लगाम लगाने हेतु कार्रवाई सहित कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। श्री अग्रवाल ने इस मौके पर प्राधिकरण को प्रदेश का राजस्व बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने को भी कहा। साथ ही 1 सप्ताह के भीतर टोल फ्री नंबर भी जारी करने के निर्देश दिए।
रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार रुद्रपुर में प्राधिकरण की गतिविधियों की विस्तार से वार्ता करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि समय पर नक्शा पास किया जाए। आवासीय और व्यवसायिक श्रेणी में निर्धारित अवधि के भीतर नक्शा पास किया जाए। कहा कि जिला विकास प्राधिकरण को जनता की सुविधा के लिए बनाया जाए। इसके लिए कार्य प्रणाली में बदलाव की सोच को विकसित करना होगा।
उन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर निर्देशित करते हुए कहा कि अवैध निर्माण कार्यों पर चालान की कार्रवाई और सुनवाई समय पर की जाए। श्री अग्रवाल ने कहा कि अवैध निर्माण पर अधिकारी व कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी सुनियोजित करें। अवैध निर्माण पर बनने से पूर्व कार्यवाही की जाए।
श्री अग्रवाल ने कहा कि अवैध निर्माण में यदि प्राधिकरण के किसी अधिकारी व कर्मचारी की संलिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्राधिकरण से संबंधित शिकायत और सुझाव के लिए 1 सप्ताह के भीतर टोल फ्री नंबर भी जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 1872 आवास स्वीकृत हुए हैं, उनका निर्माण कार्य 31 मई से पूर्व शुरू करने पर जोर दिया।
बैठक में श्री अग्रवाल ने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण सरकार का राजस्व बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। लिहाजा कार्यशैली को बेहतर बनाने के साथ ही सरकार का राजस्व बढ़ाने की दिशा में कार्य करें। इस मौके पर उन्होंने प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली।
बैठक में उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण रुद्रपुर हरीश चंद्र कांडपाल, सचिव एन एच नबियाल, अधिशासी अभियंता विजय कुमार माथुर, सहायक अभियंता रमेश चंद्र जोशी, उप जिलाधिकारी रुद्रपुर प्रत्यूष आदि शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement