



भाजपा कांग्रेस को खत्म करने का नारा देती है लेकिन उत्तराखंड मंत्रिमंडल में कांग्रेस के कई पुराने चेहरे…पूजा सिंह
काशीपुर। महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती पूजा सिंह ने केंद्र और उत्तराखंड राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा को आज फिर निशाने पर लेते हुए कठघरे में ला खड़ा किया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा केबिनेट विस्तार किये जाने पर तंज कसते हुए कांग्रेस अध्यक्षा ने कहा कि मुख्यमंत्री के केंद्र सरकार में बैठे आका कांग्रेस मुक्त भारत का नारा देते नहीं थकते और उत्तराखंड कैबिनेट में कांग्रेसियों का राज है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेसी नेताओं के बूते ही भाजपा को सरकार चलानी है तो क्यों नहीं स्वयं उत्तराखंड की बागडोर पुन: कांग्रेस को सौंप देते। महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती पूजा सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि स्वयं को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बताने वाली भारतीय जनता पार्टी रोजाना कांग्रेस मुक्त भारत का बड़ा-बड़ा दावा करती है, लेकिन उत्तराखंड में धामी सरकार पर नजर डालो तो सच्चाई चौंकाने वाली है। कैबिनेट के ज्यादातर बड़े चेहरे कांग्रेस से ही आए हैं और मंत्रीमंडल उनके ही हाथों में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी बैकग्राउंड वाले ये नेता आज धामी कैबिनेट में मंत्री हैं, जैसे *सतपाल महाराज*-कांग्रेस के दिग्गज, पूर्व केंद्रीय मंत्री, *सुबोध उनियाल*-2002-2012 तक कांग्रेस के विधायक, *रेखा आर्या*-कांग्रेस टिकट पर 2014 में विधायक चुनी गईं, *प्रदीप बत्रा*-2012 में कांग्रेस से जीते, *सौरभ बहुगुणा*-कांग्रेस परिवार (पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे), *राम सिंह कैड़ा*-कांग्रेस के पूर्व राज्य महासचिव। विचारणीय विषय है न?
जो पार्टी कांग्रेस को खत्म करने का नारा देती है, उसी का उत्तराखंड मंत्रिमंडल कांग्रेस के पुराने चेहरों से भरा पड़ा है। महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती पूजा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के कैबिनेट विस्तार ने भाजपा की कथनी और करनी को जगजाहिर कर दिया है।

