



नशा पीड़ितों की सहायता, नशा उन्मूलन एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के नियंत्रण हेतु विधिक सेवा दिशा-निर्देश, 2015 के अंतर्गत आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उधम सिंह नगर की सचिव ममता पंत (सिविल जज, सीनियर डिवीजन/सचिव, DLSA), तहसीलदार रुद्रपुर दिनेश कुटोला एवं ड्रग इंस्पेक्टर रुद्रपुर शुभम कोटनाला द्वारा आयरक्षा नशा मुक्ति एवं जनसेवा ट्रस्ट, डॉक्टर्स कॉलोनी, उधम सिंह नगर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान केंद्र में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में सामने आया कि केंद्र को उत्तराखंड राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा 30 नवंबर 2023 को एक वर्ष के लिए अस्थायी पंजीकरण प्रदान किया गया था, किंतु 29 नवंबर 2024 के बाद के लाइसेंस/नवीनीकरण संबंधी कोई संतोषजनक दस्तावेज केंद्र प्रबंधन प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके अतिरिक्त केंद्र एक तीन मंजिला भवन में संचालित पाया गया, जहां एक तल पर पेइंग गेस्ट (PG) सुविधा भी संचालित हो रही थी। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि केंद्र के कमरे पर्याप्त रूप से हवादार नहीं थे तथा वर्तमान में 48 व्यक्तियों के रहने की व्यवस्था केवल एक बड़े हॉल और दो छोटे कमरों में की गई थी, जो स्पष्ट रूप से अपर्याप्त है।
निरीक्षण दल द्वारा रसोईघर के निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी डेट वाला नमक का पैकेट भी बरामद किया गया, जिसे तहसीलदार दिनेश कुटोला द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु जब्त कर लिया गया।

