



हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, 50 लाख से अधिक की सरकारी भूमि कराई गई मुक्त
एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में नशा तस्करों और अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर जारी है कार्रवाई
नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर नानकमत्ता क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर तारा सिंह के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली नानकमत्ता क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी ग्राम गिधौर द्वारा अपने परिवारजनों के साथ नानकसागर बांध क्षेत्र में सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कराया गया था। जांच में सामने आया कि इस स्थान का उपयोग अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों से जुड़े कार्यों के लिए किया जा रहा था।
पुलिस और सिंचाई विभाग की संयुक्त जांच के बाद अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। नोटिस प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पुलिस बल, पीएसी और फायर सर्विस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को भी हटाया गया। अभियान में करीब 02 एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, तारा सिंह के खिलाफ डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में आरोपी जेल में निरुद्ध है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि नशा तस्करों, गैंगस्टरों और संगठित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराध और नशे के कारोबार के लिए कोई स्थान नहीं है। ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Q

