-->
खबरे शेयर करे -

रामनगर के रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार; नाबालिग समेत 10 महिलाएं मुक्त

 

 

 

नैनीताल पुलिस ने रामनगर के एक बड़े रिसॉर्ट में चल रहे हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान नाबालिग सहित 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया और रिसॉर्ट को सील कर दिया गया।

 

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसओजी, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, रिसॉर्ट में देह व्यापार के साथ शराब पार्टी, अश्लील डांस और महिलाओं पर नोट उड़ाने जैसी गतिविधियां चल रही थीं।

 

जांच में सामने आया कि मेरठ निवासी मुख्य आयोजक ने अपने साथियों के मनोरंजन के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में रिसॉर्ट बुक कराया था। महिलाओं की व्यवस्था प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से कराई गई थी। पुलिस ने मौके से शराब, नकली नोटों की गड्डियां, मोबाइल फोन, लैपटॉप, म्यूजिक सिस्टम और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

 

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को ₹2,500 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

 


खबरे शेयर करे -