बाजार में हेलमेट चालान पर भड़के व्यापारी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने दिया आश्वासन
रुद्रपुर। मुख्य बाजार स्थित काशीपुर बाईपास रोड पर गुरु नानक स्कूल के सामने हेलमेट नहीं पहनने पर व्यापारियों के चालान काटे जाने को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। ट्रैफिक पुलिसकर्मी राम सिंह रावत की कार्रवाई का व्यापारियों ने विरोध जताया और पूर्व में दिए गए आश्वासन का हवाला देते हुए सवाल उठाए।
व्यापारियों का कहना था कि पुलिस क्षेत्राधिकारी ने उनकी मांग पर मुख्य बाजार, काशीपुर बाईपास रोड, अग्रसेन चौक और सिविल लाइन क्षेत्र में हेलमेट के चालान नहीं काटने का भरोसा दिया था। इसके बावजूद चालान किए जाने से व्यापारियों में नाराजगी है।
मामले की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर शिवराज बिष्ट से फोन पर वार्ता कर व्यापारियों और ग्राहकों की परेशानी से अवगत कराया। जुनेजा ने कहा कि मुख्य बाजार, काशीपुर बाईपास रोड, सिविल लाइन और आदर्श कॉलोनी बाजार क्षेत्र का हिस्सा हैं। इन क्षेत्रों में कई व्यापारियों के प्रतिष्ठान और गोदाम होने के कारण उन्हें बार-बार आना-जाना पड़ता है। यदि बाजार आने वाले ग्राहकों के चालान काटे जाएंगे, तो ग्राहक बाजार में खरीदारी करने कैसे आएंगे?
वार्ता के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर शिवराज बिष्ट ने व्यापारियों की बात पर सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में मुख्य बाजार, काशीपुर बाईपास रोड, सिविल लाइन और आदर्श कॉलोनी में हेलमेट के चालान नहीं काटे जाएंगे। इसके बाद व्यापारियों का आक्रोश शांत हुआ।
व्यापारियों ने कहा कि वे बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करने को तैयार हैं, लेकिन पूर्व में दिए गए आश्वासन का पालन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि व्यापारियों और ग्राहकों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
इस दौरान राजकुमार सिकरी, संजीव छाबड़ा, सनी अटलखा, पंकज बत्रा, शिवा चावला, मनोज कक्कड़, सुमित खुराना सहित अनेक व्यापारी
मौजूद रहे।




