



हरेला पर्व पर खनन विभाग की अनूठी पहल, सिडकुल में विकसित किया गया फलदार ‘फ्रूट गार्डन’
रुद्रपुर उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर खनन निदेशक राजपाल लेघा के निर्देशन में जनपद भर में पौधारोपण किया जा रहा है जिला खान अधिकारी द्वारा पिछले एक सप्ताह से जनभागीदारी के साथ व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में किच्छा के खनन कारोबारियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
इसी क्रम में सिडकुल क्षेत्र में सैकड़ों फलदार पौधे रोपित कर एक सुंदर ‘फ्रूट गार्डन’ विकसित किया गया। अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प भी लेना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण मिल सके।
इस अवसर पर जिला ख़ान अधिकारी मनीष परिहार ने कहा कि “प्रकृति के साथ ही प्रगति संभव है।” यदि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा की जाए, तभी वृक्षारोपण अभियान अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त कर सकेगा। सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उन्हें जीवित रखने और संरक्षित करने का भी आह्वान किया गया।
हरेला पर्व पर आयोजित यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज को हरियाली और प्रकृति के संरक्षण का सशक्त संदेश दे रहा है।

