एअर इंडिया का बड़ा फैसला, सभी पायलटों का होगा अनिवार्य डोप टेस्ट

  1. # एअर इंडिया का बड़ा फैसला, सभी पायलटों का होगा अनिवार्य डोप टेस्ट

 

नई दिल्ली। फुकेत-दिल्ली उड़ान के एक पायलट के डोप टेस्ट में गांजा पॉजिटिव पाए जाने के बाद एअर इंडिया ने सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। एयरलाइन ने अपने समूह के सभी पायलटों के लिए पूर्ण डोप टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

 

कंपनी ने कर्मचारियों को भेजे पत्र में कहा कि एअर इंडिया नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के सभी नियामकीय मानकों का पालन करती है। इसके बावजूद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइन ने एक कदम आगे बढ़कर सभी पायलटों की जांच कराने का निर्णय लिया है।

 

एअर इंडिया के मुताबिक डोप टेस्ट का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पायलट गैर-अनुमत दवाओं या नशीले पदार्थों का सेवन न कर रहा हो। जांच गुरुग्राम स्थित अकादमी के अलावा उड़ानों के बाद फ्लाइट ब्रीफिंग केंद्रों और कंपनी के कार्यालयों में भी की जाएगी।

 

कंपनी ने कहा कि नियामकीय मानकों से आगे बढ़कर उठाया गया यह कदम सुरक्षा और व्यावसायिकता के उच्च मानकों को बनाए रखने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। एयरलाइन का कहना है कि यात्रियों और अन्य हितधारकों का विश्वास उसकी सबसे महत्वपूर्ण संपत्ति है।

 

एअर इंडिया ने स्पष्ट किया कि विमानन क्षेत्र में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रियों के भरोसे को बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement