



शूटिंग के लिए घर से निकली एक्ट्रेस, अगले दिन दो टुकड़ों में मिली लाश; पति ने ही रची थी हत्या की साजिश
बांग्लादेशी अभिनेत्री राइमा इस्लाम शिमु की हत्या ने फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया था। 16 जनवरी 2022 की सुबह राइमा घर से शूटिंग के लिए निकलने की बात कहकर गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। करीब 24 घंटे बाद उनकी लाश एक बोरी में दो हिस्सों में कटी हुई मिली।
राइमा इस्लाम शिमु बांग्लादेशी सिनेमा का जाना-माना नाम थीं। उन्होंने करीब 25 फिल्मों में काम किया था। फिल्मों के अलावा वह थिएटर और टेलीविजन से भी जुड़ी थीं। वह करीब 50 थिएटर नाटकों का हिस्सा भी रही थीं।
साल 2004 में राइमा ने बिजनेसमैन शखावत अली नोबेल से शादी की थी। शादी के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली, लेकिन थिएटर और टीवी की दुनिया में सक्रिय रहीं। राइमा और शखावत के दो बच्चे थे और परिवार ढाका के ग्रीन रोड इलाके में रहता था।
16 जनवरी की सुबह करीब सात बजे राइमा के पति ने बताया कि वह शूटिंग के लिए घर से निकली थीं। जब काफी समय तक वह वापस नहीं लौटीं तो उनकी बहन ने उन्हें फोन करना शुरू किया। परिवार को जब राइमा के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
अगले दिन 17 जनवरी को हजरतपुर पुल के पास झाड़ियों में एक बोरी बरामद हुई। बोरी के अंदर राइमा की लाश थी, जिसे दो हिस्सों में काटा गया था। शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और परिवार समेत कई लोगों से पूछताछ की।
जांच के शुरुआती दौर में बांग्लादेशी अभिनेता जायद खान का नाम भी सामने आया था। राइमा के साथ फिल्म आर्टिस्ट्स एसोसिएशन की सदस्यता को लेकर उनका विवाद हुआ था। हालांकि, जांच में हत्या के मामले में उनकी संलिप्तता सामने नहीं आई।
जांच के दौरान पुलिस को एक नायलॉन की रस्सी से अहम सुराग मिला। इसके बाद शक राइमा के पति शखावत अली नोबेल पर गहराने लगा। पूछताछ में शखावत ने कथित तौर पर राइमा की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
जांच के मुताबिक, 16 जनवरी को घर में राइमा और शखावत के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मारपीट हुई और शखावत ने कथित तौर पर गला दबाकर राइमा की हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने दोस्त फरहाद की मदद से शव को काटकर बोरी में रखा और पुल के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
रिपोर्टों के अनुसार, राइमा और उनके पति के रिश्ते में लंबे समय से तनाव था। शखावत पर राइमा के साथ मारपीट करने और उन पर शक करने के आरोप भी सामने आए थे। राइमा ने अपनी मौत से कुछ महीने पहले पति के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत भी दर्ज कराई थी।

