रुद्रपुर में दुकान की छत से घुसे चोर, दो लाख के बिजली उपकरण और नकदी उड़ाई

रुद्रपुर में दुकान की छत से घुसे चोर, दो लाख के बिजली उपकरण और नकदी उड़ाई

 

रुद्रपुर। आदर्श कॉलोनी स्थित जय अंबे इलेक्ट्रिकल में अज्ञात चोरों ने दुकान की छत से घुसकर करीब दो लाख रुपये कीमत की बिजली की तारें एवं विद्युत उपकरण चोरी कर लिए। चोर गल्ले में रखी करीब चार से पांच हजार रुपये की नकदी भी ले गए।

 

प्रतिष्ठान स्वामी शिवा चावला ने बताया कि वह शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह दुकान पहुंचने पर बिजली कटी मिली और जांच करने पर चोरी का पता चला। सूचना पर आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा करने और बाजार व रिहायशी क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सर्दियों में शाम जल्दी होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत किए जाने की जरूरत है।

 

मौके पर कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा, राजकुमार सिकरी, रनजीत राणा, खैराती लाल, पंकज बत्रा सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement