गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर बेहड़ ने शुरू किया ग्रामीण जनसंवाद, 60 लाख के विकास कार्यों की दी सौगात**

**गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर बेहड़ ने शुरू किया ग्रामीण जनसंवाद, 60 लाख के विकास कार्यों की दी सौगात**

 

किच्छा, 17 नवम्बर। विधायक तिलक राज बेहड़ ने मंगलवार को नजीबाबाद क्षेत्र में ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर और अरदास के साथ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम के दौरान करीब 60 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर ग्रामीणों को विकास की सौगात दी।

 

राज्य योजना के अंतर्गत धौराडाम की प्रधान लाइन में 400 मीटर और दीवान झाला में 300 मीटर सड़क सहित कुल 700 मीटर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस पर 41.19 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा विधायक निधि से 19.40 लाख रुपये के विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाया गया। इनमें नजीबाबाद जीरो बंदा में गुरुद्वारा साहिब के निकट 3 लाख रुपये से सौंदर्यीकरण, चीमा लाइन के पूर्वांचल क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर 5 लाख रुपये से सौंदर्यीकरण, दीवान झाला की विभिन्न गलियों में 5 लाख रुपये से सीसी सड़क निर्माण तथा धौराडाम की बंगाली कॉलोनी में 6.40 लाख रुपये के विकास कार्य शामिल हैं।

 

गुरुद्वारा साहिब में अरदास के बाद विधायक बेहड़ ने नजीबाबाद बंदा, चीमा लाइन, प्रधान लाइन, दीवान झाला, बंगाली कॉलोनी और कोटखर्रा सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से शीघ्र समाधान कराने का भरोसा दिलाया।

 

**2027 में मंदिर और सड़क निर्माण का दिया भरोसा**

 

ग्रामीण जनसंवाद के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ ने आचार्य कॉलोनी के लोगों को आश्वस्त किया कि वर्ष 2027 में दोबारा विधायक बनने के बाद अपने कार्यकाल के प्रथम वर्ष में मंदिर निर्माण और सड़क के पुनर्निर्माण की दोनों मांगों को पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में जनता से किए गए वादों और घोषणाओं को पूरा किया गया है। आगे भी क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से कांग्रेस और भाजपा से ऊपर उठकर विकास के नाम पर समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें हर वर्ग और समाज का सहयोग चाहिए।

 

**फसलों का किया निरीक्षण, पानी निकासी के दिए निर्देश**

 

विधायक बेहड़ ने क्षेत्र में फसलों का मौका मुआयना भी किया। जलभराव और पानी निकासी की समस्या को देखते हुए उन्होंने सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द पानी निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान और ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

बेहड़ ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते गांव-गांव पहुंचकर जनता की समस्याएं सुनना और उनका समाधान कराना उनका दायित्व है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, नाली, सौंदर्यीकरण और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जनता की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे।

 

गांवों में विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूलमालाओं से उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार भी जताया।

 

इस दौरान किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, भजन सिंह, बलवंत सिंह, किशोर आचार्य, उत्तम आचार्य, बलदेव सिंह, मेजर सिंह, विजय यादव, रघुनाथ सिंह, विजय विश्वास, सपन मंडल, लखविंद्र सिंह, धनंजय, प्रेम सिंह, सुरजीत सिंह, बलविंद्र सिंह, बलवीर सिंह, छावेग सिंह, रमेश सिंह, दीवान सिंह, मोहन सिंह, सोहन सिंह, रख्स्पाल, बाबू और सतनाम सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement