चीन: कोयला खदान के कचरे से महान दीवार को नुकसान, 6 मीटर चौड़ी दरार

चीन: कोयला खदान के कचरे से महान दीवार को नुकसान, 6 मीटर चौड़ी दरार

चीन की ऐतिहासिक महान दीवार का एक हिस्सा कोयला खदान के कचरे के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सरकारी मीडिया सीसीटीवी के अनुसार, शांक्सी प्रांत की निंगवू काउंटी में मिंग राजवंश के समय की इस प्राचीन दीवार को नुकसान पहुंचा है। बताया गया है कि खदान के कचरे के निपटान के लिए दीवार के हिस्से को तोड़ा गया, जिससे वहां करीब छह मीटर चौड़ी जगह बन गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह नुकसान वर्ष 2007 में शुरू हुआ था। उस समय कथित तौर पर बिना लाइसेंस काम कर रही निंगवू चाओकाई कोल इंडस्ट्री ने खदान का कचरा डालने के लिए दीवार के हिस्से में तोड़फोड़ की थी। इसके बाद वर्षों तक खदान का कचरा फेंके जाने से ऐतिहासिक संरचना को नुकसान पहुंचता रहा।

बताया गया है कि वर्ष 2015 से इस मामले में स्थानीय अधिकारियों को बार-बार शिकायतें दी गईं, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने के आरोप हैं। चीन की महान दीवार देश की प्रमुख सांस्कृतिक धरोहरों में शामिल है और विश्वभर में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। इस घटना ने ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement