बॉलीवुड: ‘धुरंधर’ की यालीना सारा अर्जुन को मिली नई फिल्म, मनीष शर्मा के साथ करेंगी काम
फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ में यालीना का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुईं अभिनेत्री सारा अर्जुन एक बार फिर चर्चा में हैं। करीब आठ महीने बाद उनकी अगली फिल्म को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सारा अर्जुन ने निर्देशक मनीष शर्मा की आगामी फिल्म के लिए हामी भर दी है। मनीष शर्मा इससे पहले ‘बैंड बाजा बारात’ और ‘टाइगर 3’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। उनकी यह नई फिल्म यशराज फिल्म्स (YRF) के बैनर तले बनाई जाएगी।
बताया जा रहा है कि मनीष शर्मा इस बार दर्शकों के लिए एक रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म लेकर आ रहे हैं। शुरुआत में फिल्म की मुख्य अभिनेत्री के लिए अनीत पड्डा और शरवरी वाघ से संपर्क किया गया था, लेकिन व्यस्त शेड्यूल और डेट्स की उपलब्धता नहीं होने के कारण दोनों अभिनेत्रियां इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बन सकीं। इसके बाद निर्देशक ने सारा अर्जुन से संपर्क किया। रिपोर्ट्स के अनुसार, सारा ने फिल्म में काम करने में दिलचस्पी दिखाई है और अपनी सहमति भी दे दी है। फिल्म में उनके साथ वेब सीरीज ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ से पहचान बनाने वाले अभिनेता अमरीश वर्मा नजर आ सकते हैं।
फिल्म की कहानी पंजाब की पृष्ठभूमि पर आधारित एक प्रेम कहानी होगी। खास बात यह है कि इसमें कुल आठ गाने रखे जाने की योजना है, जो कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। फिल्म की शूटिंग जनवरी 2027 में पंजाब में शुरू होने की संभावना है। वहीं, सारा अर्जुन ने धुरंधर फ्रेंचाइजी के दोनों हिस्सों में यालीना के किरदार से अपनी अलग पहचान बनाई है। अब दर्शकों की नजर उनकी इस नई फिल्म पर टिकी है, जिसमें वह पहली बार एक रोमांटिक म्यूजिकल कहानी में नजर आ सकती हैं।




