झारखंड में ठंड की आहट, सुबह कोहरा और दिन में खिलेगी धूप
रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राजधानी रांची में अगले पांच दिनों तक मौसम लगभग स्थिर रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह के समय कोहरा या कुहासा छा सकता है, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने की संभावना है। 13 से 16 अक्टूबर तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
रांची में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री के बीच रह सकता है। 13 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री, 14 अक्टूबर को 20 डिग्री और 15 व 16 अक्टूबर को फिर 19 डिग्री रहने की संभावना है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का अहसास बढ़ सकता है।
वहीं, झारखंड के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है। पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार और हजारीबाग क्षेत्र में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पाकुड़ और बरहड़वा इलाके में सुबह कुहासा छाने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को सुबह के समय वाहन चलाते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।





