विश्व समाचार: हूती हमले में मारे गए भारतीय को रियाद में दफनाया, दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
सऊदी अरब की राजधानी रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हूती विद्रोहियों के मिसाइल हमले में मारे गए भारतीय नागरिक मुहम्मद यूसुफ अली को सोमवार को धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ दफना दिया गया। अंतिम संस्कार में भारत के राजदूत विपुल और भारतीय दूतावास के अन्य अधिकारी शामिल हुए। राजदूत ने दिवंगत को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। रिपोर्ट के अनुसार, हमले में यूसुफ अली की मौत हुई थी, जबकि उनके परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए थे।
हूती हमलों के बीच रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने लोगों से शांत रहने, सतर्कता बरतने और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। साथ ही, सऊदी अरब के शहरों में होने वाली घटनाओं के वीडियो या समाचार सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करने और उन्हें दूसरों को भी नहीं भेजने की सलाह दी गई है।
दूतावास ने भारतीय नागरिकों से सऊदी प्रशासन के नियमों का पालन करने, दूतावास के संपर्क में रहने और किसी भी असामान्य घटना की जानकारी देने को कहा है। खबर के मुताबिक, सऊदी अरब पर हुए हूती हमलों में अब तक एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है और 10 लोग घायल हुए हैं। दूतावास ने प्रभावित परिवार को सहायता देने का भरोसा भी दिलाया है।





