अमेरिका: इंटरनेट सेंसेशन ‘जैकी’ की मौत का खुलासा, पोस्टमार्टम में बर्ड फ्लू की पुष्टि
अमेरिका के कैलिफोर्निया में मशहूर बाल्ड ईगल ‘जैकी’ की मौत की वजह सामने आ गई है। कैलिफोर्निया के वन्यजीव विभाग के मुताबिक, पोस्टमार्टम और मेडिकल जांच में अत्यधिक संक्रामक बर्ड फ्लू (HPAI) की पुष्टि हुई है। जैकी की मौत पिछले साल अगस्त में हुई थी। जांच रिपोर्ट से उसके इलाज के दौरान सामने आए लक्षणों और बीमारी की गंभीरता को समझने में मदद मिली है।
ओजाई रैप्टर सेंटर के निदेशक क्रिस एक्स्टीन के अनुसार, संक्रमण के कारण जैकी के पेट में गंभीर अल्सर हो गए थे। इसके चलते लगातार अंदरूनी रक्तस्राव, खून की कमी और अंत में बैक्टीरियल सेप्सिस जैसी जटिलताएं पैदा हुईं। संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए जैकी के अवशेषों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जैकी और उसका साथी ‘सैडो’ पिछले एक दशक से अधिक समय से इंटरनेट पर लोकप्रिय थे। कैलिफोर्निया के बिग बीयर झील के पास सैन बर्नार्डिनो पहाड़ों में उनके घोंसले को देखने के लिए दुनिया भर के लोग ऑनलाइन कैमरा फीड का इस्तेमाल करते थे। जैकी की मौत से वन्यजीव प्रेमियों और उसे ऑनलाइन देखने वाले प्रशंसकों में दुख है।





