मंडी परिसर में किसानों के अनाज की तत्काल तौल कराने की मांग, राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
रुद्रपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से मुलाकात कर मंडी परिसर में रखे किसानों के अनाज की तत्काल तौल कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
पूर्व विधायक शुक्ला ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बीते दिनों हुई बेमौसमी बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील है और फसल क्षति के अनुरूप मुआवजा देने की घोषणा के क्रम में प्रशासन कार्रवाई कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने फसल कटाई के बाद अपना अनाज मंडी परिसर में पहुंचा दिया है, उनकी तौल न होने के कारण अनाज लगातार बारिश की चपेट में आकर खराब हो रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाने की आशंका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित कर मंडी में रखे किसानों के अनाज की तौल सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बारिश से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मंडी परिसर में पहुंचे किसानों के अनाज की तत्काल तौल कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा, ताकि किसानों को अनावश्यक नुकसान न उठाना पड़े।





