छत्तीसगढ़: दुर्ग में गरबा उत्सव के दौरान विवाद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बजरंग दल के बीच मारपीट
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सिविल लाइन स्थित हॉकी मैदान में गरबा उत्सव के दौरान मुस्लिम युवकों को पास बांटने को लेकर विवाद हो गया। बुधवार रात करीब नौ बजे हुई घटना में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आदिल खान नाम का युवक मुस्लिम युवकों को गरबा के पास बांट रहा था। उसे कांग्रेस कार्यकर्ता बताया गया है। विवाद बढ़ने पर आयोजन समिति के संरक्षक और शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के साथ भी धक्कामुक्की हुई।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना था कि आयोजकों को पहले ही मुस्लिम युवकों को कार्यक्रम में नहीं बुलाने के लिए कहा गया था। वहीं, आयोजन समिति के संरक्षक धीरज बाकलीवाल ने कहा कि माता के कार्यक्रम में सभी को आमंत्रित किया जाता है। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और मंच पर मारपीट की स्थिति बन गई।
आयोजन समिति की शिकायत पर पुलिस ने राकेश तिवारी और अन्य लोगों के खिलाफ उपद्रव तथा चोट पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के मुताबिक, पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर विवाद में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। मामले की जांच जारी है।





