मनोरंजन: हनी सिंह से महाराष्ट्र साइबर सेल ने की 2 घंटे पूछताछ, कॉन्सर्ट में टिप्पणी पर विवाद
रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह से महाराष्ट्र साइबर सेल ने एक कॉन्सर्ट में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में करीब दो घंटे तक पूछताछ की। शुक्रवार को वह अधिकारियों के सामने पेश हुए और अपना बयान दर्ज कराया। पूछताछ के बाद वह सुरक्षा के बीच साइबर सेल कार्यालय से बाहर निकले।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला जनवरी में दिल्ली में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट से जुड़ा है, जहां हनी सिंह की दिल्ली की सर्दी को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर विवाद हुआ था। शिकायत मिलने के बाद महाराष्ट्र साइबर सेल ने उन्हें पूछताछ के लिए समन जारी किए थे। इससे पहले हनी सिंह ने विदेश में होने के कारण पेश नहीं हो पाने की बात कही थी और अधिकारियों से अतिरिक्त समय मांगा था।
रिपोर्ट के अनुसार, हनी सिंह ने 22 अक्टूबर को पेश होने की अनुमति मांगी थी, लेकिन साइबर सेल ने उनकी अर्जी खारिज कर दी। इसके बाद वह शुक्रवार को पेश हुए। मामले में उनका बयान दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी।





