टाइटन ने 306 मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों को दी छात्रवृत्ति, शिक्षा के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

टाइटन ने 306 मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों को दी छात्रवृत्ति, शिक्षा के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

 

रुद्रपुर। शिक्षा और बालिका सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाटा समूह की कंपनी टाइटन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 306 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को टाइटन कन्या+ और टाइटन छात्रवृत्ति प्रदान की। शनिवार को सिटी क्लब में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 

कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह मिश्रा और खंड शिक्षा अधिकारी स.वेद आलम मौजूद रहे। अधिकारियों ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए टाइटन कंपनी की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और अपने भविष्य के सपने पूरे करने में मददगार साबित होते हैं।

 

इस दौरान टाइटन के हेड सीएसआर जे.जे. डोमिनिक, हेड एडमिनिस्ट्रेशन स्क्वाड्रन लीडर रश्मि देवकुमार, ज्वेलरी डिवीजन के फैक्ट्री मैनेजर Maarajan M और टाइटन वॉचेज के फैक्ट्री मैनेजर राजीव राजपूत भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के साथ अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

 

टाइटन की ओर से बताया गया कि छात्रवृत्ति के लिए चयन प्रक्रिया तीन से चार महीने तक चली। इसमें आवेदन, दस्तावेजों की जांच, व्यक्तिगत साक्षात्कार और सत्यापन जैसी प्रक्रियाएं शामिल रहीं, ताकि वास्तविक जरूरतमंद और पात्र विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

 

इस पहल में सहयोगी संस्थान NGO आसरा और द हंस फाउंडेशन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में आसरा के सीईओ अमित बदोनी और द हंस फाउंडेशन की हेड एजुकेशन सोनल भी मौजूद रहीं।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए टाइटन की ‘पावर प्ले’ पहल की जानकारी भी दी गई। साथ ही कंपनी की अन्य सामाजिक जिम्मेदारी और सतत विकास से जुड़ी गतिविधियों से भी अवगत कराया गया।

 

टाइटन की इस पहल से 306 विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग मिलेगा, जिससे उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement