*गुरु पर्व नगर कीर्तन की तैयारियों ने पकड़ा जोर, विधायक शिव अरोरा ने गुरुद्वारा कमेटी व प्रमुख लोगो के साथ किया रूट का निरीक्षण*
*22 नवंबर को रुद्रपुर में निकलेगा भव्य नगर कीर्तन, मार्ग में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिये विधायक ने अधिकारियों को दिए निर्देश*
रुद्रपुर। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रुद्रपुर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले भव्य नगर कीर्तन की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। आगामी रविवार, 22 नवंबर को आयोजित होने वाले नगर कीर्तन की व्यवस्थाओं को लेकर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने गुरुद्वारा गोल मार्केट प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों के साथ नगर कीर्तन के निर्धारित मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक नगर कीर्तन के मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मार्ग की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर का नगर कीर्तन अत्यंत भव्य एवं विशाल स्वरूप में आयोजित होता है, जिसमें रुद्रपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं तथा नगर कीर्तन के दर्शन करते हैं। ऐसे में मार्ग पर किसी भी प्रकार की बाधा अथवा अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर रुद्रपुर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। नगर कीर्तन सिख समाज की धार्मिक आस्था, सेवा, समर्पण और भाईचारे का प्रतीक है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों के साथ पूरे मार्ग का निरीक्षण किया है, ताकि नगर कीर्तन का आयोजन भव्यता एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके, वही बाजार क्षेत्र में विधायक शिव अरोरा द्वारा सभी मार्गो को बनाने का कार्य पहले हीं सम्पन्न किया जा चुका है।
इस दौरान देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, गुरुद्वारा कमेटी से सरदार जोगेंद्र सिंह, अजमेर सिंह, जीत सिंह, जैनीसरेन सिंह, वीरेंद्र सुखीजा, सरवन सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




