**गाबा चौक से गल्ला मंडी तक अतिक्रमण पर भड़के विधायक शिव अरोरा, बोले- सर्विस रोड को रामपुर मत बनाओ, नहीं तो खोखे भी हटेंगे**
रुद्रपुर। गाबा चौक पर ट्रक की टक्कर से गरीब परिवार के एकमात्र कमाने वाले की मौत के बाद विधायक शिव अरोरा ने पुलिस अधिकारियों के साथ गाबा चौक से गल्ला मंडी तक सर्विस रोड का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान जगह-जगह फैले अतिक्रमण को देखकर विधायक नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर ही अतिक्रमण हटवाते हुए कब्जाधारियों को सख्त चेतावनी दी।
विधायक ने कहा कि सर्विस रोड को रामपुर मत बनाओ। यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो खोखे भी हटाए जाएंगे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर चालान किए जाएं और सामान जब्त किया जाए। साथ ही अनावश्यक कट बंद कराने के भी निर्देश दिए।
विधायक ने गाबा चौक पर अधूरे नाले के निर्माण को जल्द पूरा कराने के लिए एनएच के पीडी अंचल जिंदल से भी वार्ता की। वहीं, मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि सर्विस रोड जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए है, किसी के निजी कारोबार का गोदाम या पार्किंग स्थल नहीं। आम जनता की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सीओ सिटी वैभव सैनी, कोतवाल संजय पाठक सहित पुलिस अधिकारी, व्यापार मंडल पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।




