**स्कूली और यात्री वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 45 के चालान और 8 वाहन सीज**
रुद्रपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओ पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। 16 से 22 नवंबर तक चल रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत 18 नवंबर को रुद्रपुर में एआरटीओ नवीन सिंह और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 45 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 8 वाहनों को सीज किया गया। जांच में 10 वाहन बिना वैध बीमा, 12 बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, 4 बिना फिटनेस प्रमाण पत्र और 12 बिना टैक्स के चलते पाए गए। इसके अलावा 6 वाहनों में सीसीटीवी कैमरे नहीं मिले, 3 बिना परमिट संचालित होते पाए गए। वहीं, 6 वाहनों में अग्निशमन यंत्र और 7 में फर्स्ट एड बॉक्स नहीं मिले।
परिवहन विभाग की टीम ने स्कूली वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटिका, फिटनेस प्रमाण पत्र और चालकों के लाइसेंस सहित जरूरी सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
परिवहन विभाग ने स्कूल प्रबंधन, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज और सुरक्षा उपकरण पूरे रखें तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।




