छत्तीसगढ़: ग्राम सड़क योजना में 19 करोड़ की गड़बड़ी, 13 अधिकारी सस्पेंड; ठेकेदारों से होगी वसूली
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बड़ा वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। जांच में 24 सड़कों के निर्माण में 19.17 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान किए जाने का खुलासा हुआ है। सरकारी रिकॉर्ड में सड़कें पूरी दिखाई गई थीं, जबकि मौके पर जांच करने पर कई सड़कों का निर्माण अधूरा मिला। मामले में राज्य सरकार ने तीन कार्यपालन अभियंता, छह सहायक अभियंता और चार उप अभियंताओं समेत कुल 13 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर 15 ठेकेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से पांच ठेकेदारों से करीब 5.50 करोड़ रुपये की वसूली की जाएगी। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने या राशि जमा नहीं करने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के अनुसार, ऑनलाइन रिकॉर्ड में 218 किलोमीटर मिट्टी का काम पूरा दिखाया गया था, जबकि मौके पर केवल 116 किलोमीटर में ही काम मिला।
सरकार ने अधूरी सड़कों को पूरा कराने के लिए बीजापुर की 45 और सुकमा की 23 सड़कों का दोबारा टेंडर कराने का फैसला लिया है। इनका निर्माण मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा बस्तर संभाग की 148 अधूरी सड़कों को भी 31 मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए पांच अधीक्षण अभियंताओं की जिम्मेदारी तय की गई है।




