मध्य प्रदेश: भोपाल की जगह जबलपुर में होगा कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, 26 नवंबर से वोट रक्षक अभियान भी शुरू
मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर होने वाले संविधान रक्षा मार्च का स्थान बदल दिया है। पहले यह कार्यक्रम भोपाल में आयोजित होना था, लेकिन अब इसे जबलपुर में किया जाएगा। पार्टी ने राजधानी में लगातार हो रहे कार्यक्रमों और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए यह फैसला लिया है। मार्च में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसी दिन कांग्रेस अपने ‘वोट रक्षक अभियान’ की भी शुरुआत करेगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने सभी राज्यों की राजधानियों में 26 नवंबर को संविधान रक्षा मार्च निकालने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भोपाल में तैयारियां शुरू की थीं, लेकिन बाद में आयोजन स्थल बदलने का निर्णय लिया गया। प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव संजय कामले ने जबलपुर में कार्यक्रम होने की पुष्टि की है। पार्टी इस मार्च के जरिए संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों का संदेश जनता तक पहुंचाएगी।
वहीं, भोपाल में 16 नवंबर से निषेधाज्ञा लागू है। इसके तहत धरना, प्रदर्शन, सभा, जुलूस, रैली और पदयात्रा जैसे आयोजनों के लिए पुलिस की अनुमति लेना अनिवार्य है। इसी बीच कांग्रेस ने अपने कार्यक्रम को जबलपुर स्थानांतरित कर दिया है। 26 नवंबर को होने वाले इस आयोजन के साथ पार्टी प्रदेश में वोट रक्षक अभियान का आगाज भी करेगी।




